पहाड़ पर तबाही के बाद खतरे के निशान पर पहुंचा गंगा का जल स्तर

हरिद्वार। राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही भारी बरसात के चलते हरिद्वार में भी गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, और ये खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है।
हरिद्वार में गंगा का जलस्तर बढने पर सिंचाई विभाग ने ऐहतियात के तौर पर गंगनहर को बंद कर दिया है। गंगा में जलस्तर बढ़ने पर चेतावनी निशान 293 माना जाता है और 294 को डेंजर जोन माना जाता है। भीमगोडा बैराज पर शनिवार को 2 लाख 33 हजार 982 क्योसेक पानी गंगा में आ रहा है। जबकि बैराज से 2 लाख 22 हजार 295 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। जलस्तर बढ़ने पर भीमगोडा बैराज से निकलने वाली गंगा नदी के किनारे बसे गांवों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। हरिद्वार जिला प्रशासन और उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग द्वारा इस पर लगातार नजर रखी जा रही है। उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के जेई संदीप जैन ने बताया कि शुक्रवार शाम से पहाड़ों पर हो रही भारी बारिश के कारण गंगा का जलस्तर बढ़ गया था। अब धीरे-धीरे गंगा का जलस्तर कुछ कम हुआ है। इससे अभी निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा नहीं है। लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग और हरिद्वार जिला प्रशासन द्वारा जनस्तर पर नजर रखी जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा निचले इलाकों में गंगा से लगे क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *