लालकुआं। जिले में प्रतिबंधित पॉलिथीन के खिलाफ प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। हाईकोर्ट के निर्देश के बाद प्रतिबंधित पॉलिथीन के खिलाफ प्रशासन जागा है और कार्रवाई तेज कर दी है। बृहस्पतिवार को लालकुआं में 15 क्विटंल प्रतिबंधित पॉलिथीन जब्त कर 2.20 लाख रुपया जुर्माना लगाया गया जबकि हल्द्वानी में नगर निगम ने अभियान चलाकर कई कारोबारियों से पॉलिथीन पाए जाने पर पांच हजार रुपया जुर्माना वसूला।
लालकुआं में तहसीलदार सचिन कुमार के नेतृत्व पॉलिथीन के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान इंदिरानगर द्वितीय में टिंकू उर्फ मुन्ना के गोदाम से 15 क्विंटल प्रतिबंधित प्लास्टिक पकड़ी। कारोबारी पर दो लाख रुपये जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा कार रोड क्षेत्र में दो दुकानों से भारी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलिथीन बरामद की गई। यहां छह दुकानदारों पर 20-20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। अभियान के दौरान लालकुआं तहसीलदार सचिन कुमार, कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक बलवंत सिंह कंबोज, कांस्टेबल तरुण मेहता, कांस्टेबल आनंद पूरी, कांस्टेबल सुरेश प्रसाद और नगर पंचायत लालकुआं के कर्मचारी मौजूद थे।