चोरी की पांच मोटर साइकिलों सहित तीन वाहन चोर गिरफ्तार

काशीपुर । कुंडा थाना क्षेत्र से पुलिस ने नगर में सक्रिय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से पिछले दिनों चोरी की गई पांच मोटरसाइकिल बरामद हुई हैं।
पुलिस क्षेत्राधिकारी वंदना वर्मा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि कुंडा थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम हरियावाला चौक पर वाहन चेकिंग कर रही थी तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों को रोककर पुलिस ने उनसे बाइक के कागजात मांगे तो वह दिखा नहीं पाए । पकड़ में आए अरुण कुमार पुत्र चंद्रपाल निवासी रामूवाला थाना ठाकुरद्वारा, योगराज पुत्र हरकेश सिंह निवासी गढ़ी नेगी थाना कुंडा तथा रवि कुमार पुत्र ओमप्रकाश सिंह निवासी ग्राम दूली चंद्रपुर थाना अफजलगढ़ बिजनौर से जब पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि जिस मोटरसाइकिल पर वह सवार हैं यह 2 दिन पूर्व केबीआर हॉस्पिटल की पार्किंग से चोरी की गई थी। थाने लाकर सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि चार अन्य मोटरसाइकिल उन्होंने तो तुमड़िया नदी के पास झाड़ियों में छुपा कर रखी हैं। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर उपरोक्त चारों मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है ।पुलिस टीम में थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद ,एसआई मनोहर चंद, एसआई नरेंद्र कुमार तथा कांस्टेबल त्रिलोक सिंह ,हरीश प्रसाद, सुमित कुमार व सतेंद्र पाल आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *