हरिद्वार । घरों का नक्शा पास कराने के बाद गगनचुंबी होटल बनाकर लाखों के बारे न्यारे कर रहे होटल मालिकों पर अब प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है ,इन सभी होटलों की जांच के बाद सरकार इन पर भारी भरकम टैक्स लगाने की तैयारी कर रही है ,जिसे सुनकर होटल व्यवसायियों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार धर्म नगरी हरिद्वार में मात्र 120 होटल ही नगर निगम के कागजों में संचालित हैं । जबकि वास्तव में शहर में 1000 से ज्यादा होटल चल रहे हैं इनके मालिक होटलों में महंगे रूम देकर मोटी कमाई कर रहे हैं । हद तो यह है कि ज्यादातर के नक्शे घरों और आश्रम के नाम पर पास कराए गए हैं जबकि वास्तव में गगनचुंबी इमारतें खड़ी करके लाखों की कमाई की जा रही है । श्रद्धालुओं और पर्यटकों से रूम के नाम पर मोटी रकम ली जा रही है जबकि सरकार को टैक्स के नाम पर धेला भी नहीं दिया जा रहा है। शासन के निर्देश पर प्रशासन ने इन होटलों की जांच शुरू कर दी है सर्वे के बाद सभी पर जुर्माना और टैक्स लगाया जाएगा । इसकी सूचना से परेशान होटल व्यवसाई एकत्र होकर आज नगर मजिस्ट्रेट के दरबार में पहुंच गए, देखना यह है कि प्रशासन अब इन पर क्या कार्रवाई करता है।