हरिद्वार। पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड अशोक कुमार आज भारी बारिश के चलते कांवड़ मेला की व्यवस्थाओं को परखने के लिए हरिद्वार पहुंचे। डीजीपी ने मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिये कनखल स्थित दक्ष मंदिर में पुलिस अधिकारियों के साथ पूजा अर्चना की। पूजा अर्चना के उपरांत मेला क्षेत्र बैरागी कैंप, शंकराचार्य चौक, केशव आश्रम, चंडी चौक, वीआईपी घाट, पंतदीप पार्किंग, खड़खड़ी, भूपतवाला बाजार, भीमगोड़ा, ऊंचा पुल, विभिन्न पार्किंग स्थलों का भ्रमण करते हुए जोनल एवं सेक्टर प्रभारियों को व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने हेतु निर्देश दिये।

डीजीपी अशोक कुमार ने भ्रमण के बाद कंट्रोल रूम में अभी तक मेले के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 22 पुलिस कर्मियों, स्पेशल पुलिस ऑफिसर अन्य पुलिस अधिकारियों के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए सम्मानित किया। मेला ड्यूटी में तैनात जोनल एवं सेक्टर प्रभारियों से आज से शुरू होने वाली डाक कांवड़ के विषय में व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए अधीनस्थों को किसी भी प्रकार की कोई कमी न रखते हुए सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिये निर्देश दिये। लगातार हो रही बारिश से जगह-जगह भरे पानी को देखकर डीजीपी ने एसएसपी को हालात ज्यादा खराब होने पर इमरजेंसी प्लान तैयार रखने के आदेश दिये हैं।

पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड अशोक कुमार ने अधिकारियों को कहा गया कि अगले कुछ दिन हम सभी के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं, कोई भी अधिकारी डाक कांवड़ को हल्के में ना ले। दिन-प्रतिदिन कांवड़ियों की संख्या बढ़ रही है। प्रत्येक अधिकारी अपने-अपने पॉइंट पर व्यक्तिगत जिम्मेदारी लेते हुए इस अति महत्वपूर्ण मेले को कुशलता से संपन्न कराने में अपना योगदान दे। मौके की स्थिति के अनुसार अपने विवेक का प्रयोग करते हुए तत्काल निर्णय लेना है जिससे स्थिति सामान्य रहे। सावन के महीने में बारिश तो होनी है। प्रत्येक अधिकारी व कर्मचारी छाता और बरसाती अपने पास रखें। जल पुलिस एवं आपदा राहत दल 24 घंटे समस्त उपकरणों के साथ तैयारी की दशा में रहें। सीसीटीवी मॉनिटरिंग हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। मेले की हर गतिविधि पर नजर बनाए रखें कहीं पर भी स्थिति प्रतिकूल लगती है तो तत्काल संबंधित जोन/ सेक्टर प्रभारी को सूचित करें।
इसके बाद डीजीपी ने एसएसपी अजय सिंह व अन्य ऑफिसर्स के साथ हर की पौड़ी पर मां गंगा आरती दर्शन कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।