पार्षद बनने के बाद ईमानदारी से करूंगा वार्ड का विकास: प्रिंस बाली 

काशीपुर। नगर निगम के वार्ड नंबर 14 से चुनाव लड़ रहे भाजपा प्रत्याशी प्रिंस बाली अपनी जीत को लेकर आश्वत हैं, उन्होंने वार्ड की जनता को भरोसा दिया है कि वह चुनाव जीतने के बाद सभी विकास कार्यों को पूरी तल्लीनता और ईमानदारी के साथ करेंगे। 

 आज अपने चुनाव कार्यालय में भाजपा प्रत्याशी प्रिंस बाली ने हमारे संवाददाता से एक मुलाकात में बताया कि वार्ड के सभी बुजुर्गों युवाओं और माता बहनों का उन्हें पूर्ण समर्थन मिल रहा है और वह अपनी जीत को लेकर आश्वत हैं, उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद वे वार्ड के सभी सम्मानित नागरिकों से सलाह मशवरा करके विकास कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि कैंप लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी जाएगी और उनका समाधान किया जाएगा। सभी टूटी-फूटी सड़कों व नाले नालियों का निर्माण कराया जाएगा, पथ प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी तथा राशन कार्ड आदि बनवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जनसंपर्क के दौरान उनके संज्ञान में आया है कि राजेंद्र नगर में पेयजल की समस्या है, चुनाव जीतने के बाद वे इस क्षेत्र में अमृत पेयजल योजना के तहत पाइपलाइन डलवा कर यहां के लोगों की पेयजल की समस्या का प्राथमिकता से समाधान करने का प्रयास करेंगे। प्रिंस बाली के साथ बैठे निवर्तमान पार्षद मनोज बाली ने बताया कि प्रिंस बाली अपने वार्ड से भारी मतों से विजई होंगे, और उन्हें पूरा विश्वास है कि चुनाव जीतने के बाद वह बेहतर काम करेंगे। चुनाव कार्यालय का शुभारंभ होने के बाद प्रिंस बाली अपने समर्थकों के साथ लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *