काशीपुर: वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री और उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कार्यसमिति (पीसीसी) की सदस्य अलका पाल को कांग्रेस हाईकमान ने आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया है। उन्हें पार्टी संगठन को मजबूत बनाने और प्रत्याशियों को विजय दिलाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के राष्ट्रीय सचिव और दिल्ली कांग्रेस प्रभारी काजी निजामुद्दीन ने अलका पाल को यह जिम्मेदारी दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि अलका पाल पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार अभियान को गति प्रदान करेंगी और अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करेंगी।
नई जिम्मेदारी मिलने पर अलका पाल ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल, राष्ट्रीय सचिव और प्रभारी काजी निजामुद्दीन के साथ दिल्ली कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह इस दायित्व को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगी।
अलका पाल 8 फरवरी तक दिल्ली में संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहेंगी। इससे पहले भी उन्हें कांग्रेस हाईकमान द्वारा कर्नाटक, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़, अमेठी और रायबरेली में पर्यवेक्षक के तौर पर जिम्मेदारियां सौंपी जा चुकी हैं।