विधानसभा झबरेड़ा के ब्लॉक नारसन में समाज कल्याण योजनाएं अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री स्तर) देशराज कर्णवाल के नेतृत्व में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर समाज कल्याण बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। कोटवाल, थीथकी क्वादपुर और गदरजुड़ा ग्रामों में आयोजित शिविरों में कुल 157 शिकायतें व आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 41 समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष प्रकरणों को जिला व शासन स्तर पर निस्तारण के लिए भेजा जा रहा है। राशन कार्ड, पेंशन, पीएम किसान, आवास, बिजली बिल, छात्रवृत्ति और शौचालय निर्माण से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं। देशराज कर्णवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संकल्प के अनुरूप सरकार गरीबों और किसानों तक योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।