हरिद्वार। जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह ने बताया कि राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि के तहत मनसा देवी मंदिर और उसके पहुंच मार्ग में आपदा से हुई क्षति के पुनर्निर्माण के लिए 156.48 लाख रुपये की वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है। प्रथम किस्त के रूप में 93.88 लाख रुपये जारी कर दिए गए हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राथमिकता के आधार पर उच्च गुणवत्ता वाला कार्य किया जाए। साथ ही, स्वीकृत धनराशि का उपयोग वास्तविक आवश्यकता के अनुसार ही किया जाए और समय पर उपयोगिता प्रमाण-पत्र शासन को भेजा जाए। निर्माण कार्य की गुणवत्ता को सुनिश्चित करने के लिए कार्यस्थल पर सामग्री का परीक्षण किया जाएगा और एनएबीएल प्रमाणित लैब से जांच कराई जाएगी।
कहा कि सभी निर्माण कार्य आर्थिक और तकनीकी रूप से सबसे उपयुक्त तकनीक को ध्यान में रखकर किए जाए। भूमिगत निर्माण कार्य सक्षम अधिकारियों की उपस्थिति में ही हों और समुचित वीडियोग्राफी भी कराई जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कार्य स्वीकृत लागत में ही पूरा किया जाए और बजट में कोई पुनरीक्षण स्वीकार्य नहीं होगा।