हरिद्वार। पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर मिस्सरपुर स्थित वेलकम फार्म हाउस में आयोजित अटल स्मृति सम्मेलन में राज्य मंत्री सुनील सैनी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी उत्तराखंड राज्य के निर्माता थे। उन्होंने जो वादा किया, उसे पूरा कर दिखाया। उत्तराखंड निर्माण के साथ ही विशेष राज्य का दर्जा और आर्थिक पैकेज देकर उन्होंने प्रदेश की नींव को मजबूत किया, वह भी उस समय जब राज्य में कांग्रेस की सरकार थी।
सुनील सैनी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करने वाले महान नेता थे। सत्ता में रहते हुए भी उन्होंने संसद, विपक्ष और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान किया, जिससे लोकतंत्र की जड़ें मजबूत हुईं। पोखरण परमाणु परीक्षणों के बाद भारत को वैश्विक मंच पर सशक्त और आत्मनिर्भर पहचान मिली। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा और कूटनीति के बीच संतुलन स्थापित किया और उदार राष्ट्रवाद का उदाहरण प्रस्तुत किया।
उन्होंने कहा कि अटल जी का कथन “सपने वे होते हैं जो हमें सोने नहीं देते” आज भी प्रेरणा देता है। अटल जी ने राष्ट्र और समाज को नई दिशा दी। आज देश उसी मार्ग पर आगे बढ़ रहा है और भारत विश्व गुरु बनने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने कहा कि अटल ने उत्तराखंड बनाया और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड को संवारते हुए निरंतर विकास की ओर ले जा रहे हैं।
कार्यक्रम में पूज्य स्वामी यति शिवानंद, हरिद्वार सह प्रभारी दीपक धमीजा, जिला महामंत्री संजीव चौधरी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।