हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। फैक्ट्री में नौकरी दिलाने के नाम पर युवती को नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म किया था। आरोपी अपनी महिला मित्र के साथ मिलकर पीड़िता को ब्लैकमेल कर पैसों की डिमांड कर रहा था। महिला की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, नई दिल्ली की महरौली निवासी एक महिला ने कोतवाली रानीपुर में शिकायत दर्ज कराई कि वर्ष 2021 में ललित कुमार खारी ने हाईटेक कंपनी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसे नशीला पदार्थ खिलाया और दुष्कर्म किया। आरोपी ने उसका अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया और कई बार दुष्कर्म किया। जब उसने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने अपनी महिला मित्र (रुड़की निवासी) के साथ मिलकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और पैसों की मांग की।
इस मामले में रानीपुर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 328, 376(2)(एन), 384, 419, 506, 120बी के तहत मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता का मेडिकल कराया और नामजद आरोपी ललित कुमार खारी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला की तलाश जारी है। इस दौरान पुलिस टीम में एसएचओ रानीपुर कमल मोहन भंडारी व उप-निरीक्षक प्रियंका इजराल शामिल रहे।