हरिद्वार। वार्ड नं. 9 ब्रह्मपुरी हरिद्वार निवासी मातबर सिंह चौहान ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर दबंगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
व्यापारी मातबर सिंह चौहान पुत्र अवतार सिंह निवासी गोपाल मंदिर के पीछे ब्रह्मपुरी, हरिद्वार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिये प्रार्थना पत्र में अवगत कराया है कि प्रार्थी ललतारो पुल हरिद्वार पर खाने का होटल चलाता है जिस कारण वह देर रात तक अपने घर पहंुचता है। मातबर सिंह चौहान ने कहा कि होली के दिन 4 मार्च को दोपहर 1.30 के लगभग शिवम निवासी गुरूद्वारा सिंह सभा ललतारौ पुल, कन्हैया झा, सत्यम झा, राजा उनके अन्य साथियों ने उसके घर पर आकर उसके परिवार के साथ गाली-गलौच व मारपीट की यहीं नहीं इस मारपीट में आरोपियों ने मेरी पुत्रवधु मोनिका चौहान का मोबाईल फोन व चैन भी छीन ली साथ ही मेरे घर के भीतर आकर प्रार्थी व प्रार्थी की पत्नी के साथ मारपीट की तथा घर में कांच की बोतलें भी फेंकी जिससे उसका परिवार बेहद सहमा हुआ है।
मातबर सिंह चौहान ने कहा कि कन्हैया झा दबंग व गिरोहबंद व्यक्ति है जिस पर हरिद्वार पुलिस द्वारा गुण्डा एक्ट की कार्रवाई भी पूर्व में हुई है वह प्रार्थी व प्रार्थी के परिवार को निरन्तर धमकियां दे रहा है। अनेक बार सूचना देने पर भी कोतवाली हरिद्वार पुलिस ने दबंगों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। मातबर सिंह चौहान के प्रार्थना पत्र पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली पुलिस को उचित कार्रवाई हेतु निर्देशित किया है। उसके बावजूद भी आरोपी दबंग युवकों के खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।