हरिद्वार को स्वच्छ व अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अभियान तेज, एनएचएआई ने कई रेहड़ियाँ–खोखे हटाए

हरिद्वार। मुख्यमंत्री के निर्देश पर तीर्थ नगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में जिला प्रशासन ने तेज़ी ला दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित लगातार स्वयं मॉनिटरिंग कर रहे हैं और शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सफाई व अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है।

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) टीम ने आज ऋषिकुल तिराहे से शंकराचार्य चौक तक सर्विस लाइन पर फड़, रेहड़ी व ठेलियों द्वारा किए गए अवैध कब्जों को हटाया। टीम ने मौके पर मौजूद लोगों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी भी दी।

एनएचएआई के अधिशासी अभियंता ने बताया कि ज्वालापुर से रानीपुर झाल तक मेन हाईवे और सर्विस रोड के बीच बनी ग्रीन बेल्ट में किए गए अतिक्रमण को हटाने का अभियान भी शुरू कर दिया गया है। कार्रवाई के दौरान करीब 12 होर्डिंग–यूनिपोल, 2 खोखे और फल–फ्रूट की 6 रेहड़ियाँ हटाई गईं।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि हरिद्वार को स्वच्छ और अतिक्रमण मुक्त बनाने का लक्ष्य प्राथमिकता में है, और इस दिशा में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *