रुद्रपुर। मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने विकास भवन में मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्था को समयबद्ध टाईमलाइन बनाकर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट है और अगले सत्र से इसे प्रारंभ किया जाना है, इसलिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर कार्य गति तेज की जाए। सीडीओ ने स्पष्ट किया कि जून 2026 तक ब्लॉक-ए में एकेडमिक ब्लॉक, दो हॉस्टल, लेक्चर थिएटर, मैस व डाइनिंग हॉल सहित लिफ्ट व विद्युत व्यवस्था अनिवार्य रूप से तैयार होनी चाहिए ताकि एनएमसी निरीक्षण के बाद सत्र शुरू कराया जा सके। बाद में उन्होंने पेयजल निगम, मेडिकल कॉलेज एवं स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों के साथ निर्माण स्थल का निरीक्षण कर गुणवत्ता और नियमित मॉनिटरिंग पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. के.के. पाल, परियोजना प्रबंधक नरेन्द्र नवानी, सहायक अभियंता सुभाष चंद्र भट्ट, अपर सहायक अभियंता रंजीत आर्या सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।