मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित “आत्मनिर्भर भारत स्वदेशी संकल्प – हर घर स्वदेशी” कार्यक्रम में मीडिया से संवाद के दौरान स्वदेशी अपनाने का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी केवल नारा नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत की नींव है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 2047 तक आत्मनिर्भर भारत का संकल्प पूरा करने में यह अभियान मददगार होगा। स्वदेशी अपनाना किसानों, कारीगरों, छोटे व्यापारियों और उद्यमियों के प्रति सम्मान और मातृभूमि के प्रति प्रेम का प्रतीक है।
उन्होंने ऐतिहासिक दृष्टि से स्वदेशी आंदोलन का स्वतंत्रता संग्राम में योगदान याद दिलाया और कहा कि आज स्वदेशी का स्वरूप खादी, ब्रह्मोस मिसाइल, तेजस विमान, डिजिटल इंडिया, यूपीआई तक फैल चुका है। कोविड संकट में पीपीई किट और वैक्सीन निर्माण इसके जीवंत उदाहरण हैं।
उत्तराखंड में हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड और एक जिला–दो उत्पाद योजना के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार, स्टार्टअप और डिजिटल प्लेटफॉर्म से स्वदेशी उद्यमिता को बढ़ावा देने का भी उल्लेख किया।
उन्होंने जनता से अपील की कि नवरात्रि, दशहरा, दीपावली और विवाह के अवसरों पर दैनिक उपयोग की वस्तुओं में स्वदेशी को प्राथमिकता दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वदेशी अपनाने से ही आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार होगा।