मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी का जोशीला आगाज, ओलंपिक की लॉन्चिंग पैड बनेगी प्रतियोगिता: रेखा आर्या

रोशनाबाद (हरिद्वार)। हरिद्वार के योगस्थली खेल परिसर में मंगलवार को मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी 2025-26 का जोशीला शुभारंभ हुआ। खेल मंत्री रेखा आर्या ने ध्वजारोहण और मशाल प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। चार चरणों—न्याय पंचायत, विधानसभा, संसदीय क्षेत्र और राज्य स्तर—में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में करीब दो लाख खिलाड़ी भाग लेंगे।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 26 खेल स्पर्धाएं शामिल की गई हैं। सांसद ट्रॉफी विजेता को दो लाख, विधानसभा ट्रॉफी विजेता को एक लाख और समग्र चैंपियन को मुख्यमंत्री ट्रॉफी के साथ पांच लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ने वाले खिलाड़ियों को एक लाख रुपये का अतिरिक्त प्रोत्साहन मिलेगा।

रेखा आर्या ने कहा कि यह प्रतियोगिता ओलंपिक के लिए लॉन्चिंग पैड साबित होगी। विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में चार प्रतिशत आरक्षण का लाभ भी मिलेगा। कार्यक्रम में विधायक आदेश चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी व खेल प्रेमी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *