देहरादून
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित 17वें कृषि विज्ञान सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे सम्मेलन किसानों को नवीनतम तकनीकों, शोध परिणामों और कृषि की विविध विधाओं के बारे में जानने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार किसानों को तीन लाख रुपये तक का बिना ब्याज ऋण, फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत कृषि उपकरणों पर सहायता और एप्पल मिशन के अंतर्गत 80% सब्सिडी दे रही है। उन्होंने सगंध खेती और 6 एरोमा वैली विकसित करने की योजनाओं का भी उल्लेख किया। इस वर्ष के बजट में किसानों और पशुपालकों के लिए 463 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ एम एस चौहान ने बताया कि सम्मेलन में 16 देशों के वैज्ञानिकों और 500 से अधिक प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मेयर विकास शर्मा, दर्जामंत्री अनिल कपूर डब्बू, आईजी डॉ योगेन्द्र सिंह रावत, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।