दक्षेश्वर महादेव दरबार में मुख्यमंत्री धामी ने की पूजा, 2027 कुंभ को दिव्य-भव्य बनाने की कामना

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को दक्षेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर दुग्धाभिषेक कर पूजा-अर्चना एवं यज्ञ-हवन किया। उन्होंने प्रदेश की खुशहाली, प्रगति और वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को दिव्य व भव्य रूप से सफलतापूर्वक संपन्न कराने की प्रार्थना की।

मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री ने विभिन्न अखाड़ों के पदाधिकारियों और साधु-संतों से भेंट कर उनकी कुशलक्षेम जानी तथा अंगवस्त्र भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान साधु-संतों ने फूल मालाओं से मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने कहा कि कुंभ जैसे विश्व प्रसिद्ध आयोजन के माध्यम से उत्तराखंड की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर और सशक्त किया जाएगा।

इस अवसर पर श्री पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े के सचिव महंत रवींद्र पुरी ने मुख्यमंत्री द्वारा संस्कृति संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संत समाज दिव्य एवं भव्य कुंभ आयोजन के लिए राज्य सरकार को पूरा सहयोग देगा। अखाड़ा परिषद के महामंत्री महंत राजेंद्र दास, दिगंबर अखाड़े के वैष्णो दास, निर्वाणी अखाड़े के श्रीमहंत मुरलीदास, निर्मल अखाड़े के कोठारी जसविंदर सिंह, बड़ा उदासीन अखाड़े के राघवेंद्र दास, नया अखाड़ा के जगतार मुनि, अटल अखाड़े के सत्यगिरी एवं मनोज गिरी सहित बड़ी संख्या में साधु-संत उपस्थित रहे।

इससे पूर्व दयानंद स्टेडियम, गुरुकुल कांगड़ी स्थित हेलीपैड पर मुख्यमंत्री के पहुंचने पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने श्रीमद्भगवद्गीता भेंट कर उनका स्वागत किया। भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी पुष्प मालाओं से मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।

कार्यक्रम में विधायक मदन कौशिक, आदेश चौहान, प्रदीप बत्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्य मंत्री सुनील सैनी, ओमप्रकाश जमदग्नि, जयपाल सिंह चौहान, पूर्व विधायक संजय गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *