लैंसडाउन (पौड़ी गढ़वाल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को लैंसडाउन में आयोजित शहीद सम्मान समारोह में शामिल हुए। उन्होंने अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों को ताम्रपत्र व अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। सीएम ने अमर शहीद गब्बर सिंह नेगी की प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर सपूतों के बलिदान से ही देश सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि शहीद सम्मान यात्रा 2.0, शहीद परिवारों के आंसुओं का सम्मान है और बन रहा सैन्य धाम भावी पीढ़ियों को देशभक्ति की प्रेरणा देगा।
सीएम ने कई घोषणाएं कीं— कोटद्वार सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार, वीर नारियों व पूर्व सैनिकों की नियुक्ति के लिए कॉमन सर्विस सेंटर, लैंसडाउन रेजिमेंटल संग्रहालय को आर्थिक सहायता, जयहरीखाल पीएचसी का उच्चीकरण और विभिन्न स्कूलों व मार्गों का नाम शहीदों के नाम पर करने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि शहीद परिजनों की अनुग्रह राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख कर दी गई है, जबकि परमवीर चक्र विजेताओं को अब 1.5 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि शहीद सम्मान यात्रा 2.0 का समापन लैंसडाउन में हुआ, जिसमें 71 शहीदों के आंगन की मिट्टी एकत्र की गई। राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड वीरभूमि है और सैनिकों का सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और शहीद परिवार मौजूद रहे।