रामनगर। मुख्यमंत्री ने मेरियट समूह के नए रिजॉर्ट के शुभारंभ अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड की पुण्य भूमि प्राकृतिक सौंदर्य और जैव विविधता से भरपूर है। जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क हमेशा से वन्य जीव और प्रकृति प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा है। उन्होंने कहा कि इस नए रिसॉर्ट के खुलने से क्षेत्र में पर्यटन को नया आयाम मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार “डेस्टिनेशन उत्तराखंड” को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में नई पर्यटन नीति के तहत निवेशकों को आकर्षित करने में सफलता मिली है। आज कई बड़े होटल समूह और रिसॉर्ट राज्य में निवेश कर रहे हैं, जिससे तीर्थाटन और पर्यटन को मजबूती मिल रही है। उन्होंने बताया कि यह राज्य की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है और इससे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार व व्यवसाय के अवसर बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार धार्मिक, साहसिक, ईको-टूरिज्म, वेलनेस टूरिज्म, एग्रो टूरिज्म और फिल्म पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। मानसखंड कॉरिडोर योजना के तहत कुमाऊं क्षेत्र के धार्मिक स्थलों को विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष से राज्य में शीतकालीन यात्रा भी शुरू की गई है, जिसे प्रोत्साहित करने के लिए स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर्षिल और मुखबा के दौरे पर आए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार साहसिक पर्यटन जैसे ट्रेकिंग, रिवर राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग, स्कीइंग और माउंटेनियरिंग को बढ़ावा दे रही है। राज्य में फिल्म शूटिंग को आसान बनाने के लिए सिंगल विंडो क्लियरेंस सिस्टम लागू किया गया है, जिससे देश-विदेश के निवेशकों के लिए उत्तराखंड एक पसंदीदा पर्यटन स्थल बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि रामनगर, मसूरी, नैनीताल के साथ ही औली, चौकोरी और मुनस्यारी को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थान दिलाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक दीवान सिंह बिष्ट, मेयर दीपक बाली, विनय जिंदल, रेखा जिंदल, विकास जिंदल, अरुण कुमार, बांके गोयनका सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।