मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 38वें राष्ट्रीय खेलों के अंतर्गत वन चेतना केन्द्र, स्पोर्ट्स स्टेडियम, चकरपुर, खटीमा में मलखंभ प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने चकरपुर स्टेडियम में बॉक्सिंग छात्रावास बनाने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार के राष्ट्रीय खेलों का आयोजन उत्तराखंड में होने से प्रदेश का स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत हुआ है। स्टेडियम को 16 करोड़ रुपये से विकसित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बॉक्सिंग के गोल्ड मेडल विजेता कपिल पोखरिया, वेटलिफ्टिंग में कांस्य पदक विजेता विवेक पांडे, रजत पदक विजेता अमन, फुटबॉल में रजत पदक विजेता अजय बिष्ट और बीच हैंडबॉल में रजत पदक विजेता अमन जोशी को सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के पारंपरिक खेलों को वैश्विक पहचान मिल रही है और उत्तराखंड में पहली बार योग और मलखंभ को राष्ट्रीय खेलों में शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देती रहेगी।
इस अवसर पर मेयर रुद्रपुर, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारी मौजूद थे।