सामूहिक वंदे मातरम् गायन कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

देहरादून:  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को गांधी पार्क, देहरादून में भारत विकास परिषद द्वारा आयोजित सामूहिक वंदे मातरम् गायन कार्यक्रम में भाग लिया। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और भारत विकास परिषद का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हृदय में राष्ट्रप्रेम की भावना और प्रबल होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ हमारा संविधान देश के नागरिकों में राष्ट्रप्रथम की भावना जगाता है और हमें अधिकार प्रदान करता है, जिससे हमारा देश विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश बन सका है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि उत्तराखंड में सोमवार से समान नागरिक संहिता लागू होगी। उन्होंने इसे राज्य के लिए ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि समान नागरिक की यह गंगा पूरे देश में बहेगी। उन्होंने संविधान निर्माताओं और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में अग्रसर है। भारत की अर्थव्यवस्था विश्व में पांचवें स्थान पर है और तेजी से तीसरे स्थान की ओर बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत शिक्षा, स्वास्थ्य, विज्ञान और विनिर्माण के क्षेत्र में बड़े देशों को पीछे छोड़ते हुए आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि भारत विश्व के प्रमुख सांस्कृतिक केंद्र के रूप में पुनः अपनी पहचान बना रहा है। प्रयागराज में महाकुंभ और न्याय व्यवस्था में तीन नए कानूनों का लागू होना ऐतिहासिक कदम हैं। राज्य सरकार भी उत्तराखंड को रजत जयंती वर्ष में अग्रणी राज्य बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने पर जोर दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री की उपस्थिति में 28 जनवरी से 38वें राष्ट्रीय खेलों का शुभारंभ होगा। राज्य सरकार ने खेल सुविधाओं के निर्माण पर 500 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। साथ ही, महिलाओं को 30% आरक्षण, राज्य आंदोलनकारियों के लिए 10% आरक्षण, धर्मांतरण विरोधी कानून और देश का सबसे कड़ा नकल विरोधी कानून लागू किया गया है।

इस मौके पर नव-निर्वाचित मेयर सौरभ थपलियाल ने भारत विकास परिषद और जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम समाज को नई दिशा देने और राष्ट्रप्रेम जगाने का काम कर रहा है। कार्यक्रम में आरएसएस के प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेंद्र, विधायक सविता कपूर और अन्य प्रमुख लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *