मुख्यमंत्री ने रोजगार-स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा की, युवाओं के कौशल विकास पर जोर

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सचिवालय में कृषि, पशुपालन, पर्यटन और उद्योग से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रोजगार और स्वरोजगार के अधिकतम अवसर सृजित करने के लिए योजनाओं को तेजी से लागू किया जाए और पात्र लोगों को समय पर पूरा लाभ मिले।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के माध्यम से योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाए। युवाओं के कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने और स्वरोजगार के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही बजट के पूर्ण आउटकम को सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने सेब की अति सघन बागवानी योजना, कीवी उत्पादन, हनी मिशन और ऑर्गेनिक शहद प्रमाणीकरण पर तेजी से काम करने के निर्देश दिए। मिलेट पॉलिसी के तहत हजारों किसानों को लाभ मिलने और क्रय केंद्रों के माध्यम से रिकॉर्ड खरीद की जानकारी भी दी गई।

बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजनाओं के तहत चार वर्षों में लक्ष्य से अधिक 33,620 लोगों को लाभ मिला है। पर्यटन, होम-स्टे और मत्स्य पालन योजनाओं से भी हजारों लोगों को रोजगार मिला है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उच्च स्तरीय बैठकों के कार्यवृत्त उन्नति पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किए जाएं। बैठक में कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *