देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत 3848 लाभार्थियों के बैंक खातों में 33.22 करोड़ रुपये की धनराशि ऑनलाइन माध्यम से ट्रांसफर की। उन्होंने कहा कि योजना ने राज्य में रोजगार सृजन, पलायन रोकने और रिवर्स माइग्रेशन बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है।
सीएम ने बताया कि विनिर्माण क्षेत्र के लिए 25 लाख तक और सेवा व व्यापार क्षेत्र के लिए 10 लाख तक की परियोजना लागत पर ऋण सुविधा दी जा रही है। अब तक 35 हजार से अधिक लोग योजना से लाभान्वित हो चुके हैं और 64 हजार से अधिक रोजगार सृजित हुए हैं।
उन्होंने MSY 2.0 के तहत सब्सिडी बढ़ाकर 30 प्रतिशत करने और बूस्टर प्रावधान लागू करने की जानकारी दी। सीएम ने लाभार्थियों से संवाद भी किया और उनकी सफलता की कहानियां साझा कीं।
सचिव उद्योग विनय शंकर पांडेय सहित विभागीय अधिकारी कार्यक्रम में मौजूद रहे।