देहरादून : राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, ननूरखेड़ा (देहरादून) में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को समग्र शिक्षा उत्तराखंड की आईसीटी योजना के तहत 840 राजकीय विद्यालयों में हाइब्रिड मोड वर्चुअल एवं स्मार्ट कक्षाओं का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने छात्रों से वर्चुअल माध्यम से संवाद भी किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल शिक्षा से प्रदेश के बच्चों का भविष्य उज्जवल होगा और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थी भी अब विशेषज्ञ शिक्षकों से सीधे जुड़ सकेंगे।
सीएम धामी ने बताया कि राज्य में 226 पीएम श्री विद्यालय स्थापित किए गए हैं और 500 स्कूलों में वर्चुअल क्लास संचालित हो रही हैं। उत्तराखंड वर्चुअल लर्निंग एप के माध्यम से विद्यार्थी घर बैठे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ले सकेंगे। राज्य सरकार 5 पीएम ई-विद्या चैनल के जरिए भी ऑनलाइन शिक्षा पहुँचा रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मेधावी छात्रों को मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना का लाभ दिया जा रहा है और 10वीं-12वीं के मेधावी छात्रों को भारत भ्रमण पर भेजा जा रहा है। व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में 42 हजार से अधिक विद्यार्थी लाभान्वित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जिसने राज्य पाठ्यचर्या रूपरेखा तैयार की है। स्थानीय भाषाओं—गढ़वाली, कुमाऊँनी और जौनसारी—में पुस्तकें तैयार की गई हैं। “हमारी विरासत” पुस्तक से छात्र संस्कृति और परंपरा से परिचित हो रहे हैं।
कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’, अपर सचिव शिक्षा रंजना राजगुरु, महानिदेशक शिक्षा दीप्ति सिंह सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी व विद्यार्थी उपस्थित रहे।