पार्किंग बढ़ाने और शटल सेवा को लेकर मुख्य सचिव ने दिए सख्त निर्देश

देहरादून। शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने गुरुवार को सचिवालय में हुई *एकीकृत महानगर परिवहन प्राधिकरण (UMTA)* की बैठक में पार्किंग और यातायात व्यवस्था को लेकर कई अहम दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य सचिव ने देहरादून शहर के मोबिलिटी प्लान और यातायात संकुलन योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मोबिलिटी प्लान के तहत चिन्हित सुधार स्थलों पर जल्द काम शुरू किया जाए। मुख्य सचिव ने कहा कि अगले एक माह के भीतर सभी सुधार कार्य प्रारंभ हो जाने चाहिए।

उन्होंने यातायात नियमों के उल्लंघन पर *एनफोर्समेंट (प्रवर्तन)* बढ़ाने और शटल सेवाओं को विस्तार देने पर जोर दिया। मुख्य सचिव ने जिलाधिकारी देहरादून को इन कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग के निर्देश देते हुए कहा कि सभी परियोजनाएं तय समयसीमा में पूरी होनी चाहिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि शहर में लगातार नई पार्किंग स्थल चिन्हित कर विकसित किए जाएं। लोक निर्माण विभाग को उन्होंने सचिवालय, परेड ग्राउंड और चकराता रोड पर *अंडरग्राउंड पार्किंग* की फिजिबिलिटी स्टडी कराने के निर्देश दिए। साथ ही, सीएमपी में सुझाए गए और नए संभावित पार्किंग स्थलों का स्थलीय निरीक्षण भी करने को कहा।

बैठक में इंदिरा मार्केट और आढ़त बाजार परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने आढ़त बाजार की भूमि आबंटन प्रक्रिया नवंबर तक पूरी कर आगे की कार्यवाही शुरू करने के निर्देश दिए। वहीं, इंदिरा मार्केट के फेज-1 और फेज-2 के कार्यों में तेजी लाने और स्पष्ट टाइमलाइन प्रस्तुत करने को कहा।

मुख्य सचिव ने परिवहन विभाग को नई बसें शीघ्र संचालित करने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सतत अभियान चलाने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी सविन बंसल, अपर सचिव विनीत कुमार, रीना जोशी, एमएनए नमामी बंसल, उत्तराखण्ड मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के बृजेश कुमार मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *