देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के निर्देश पर एफ.डी.ए. उत्तराखंड ने पूरे राज्य में प्रतिबंधित और संदिग्ध कफ सिरप की बिक्री व वितरण के खिलाफ सघन अभियान शुरू किया है। आयुक्त डॉ. आर. राजेश कुमार के आदेश पर मेडिकल स्टोर्स, थोक विक्रेताओं और अस्पतालों से 63 कफ सिरप के सैंपल एकत्र कर जांच के लिए भेजे गए हैं।
एफ.डी.ए. मुख्यालय में अपर आयुक्त व ड्रग कंट्रोलर ताजवर सिंह जग्गी ने बताया कि राजस्थान और मध्य प्रदेश में बच्चों के कफ सिरप से बीमार होने और मृत्यु की घटनाओं के बाद यह कदम उठाया गया। उन्होंने आम जनता से अपील की कि बिना चिकित्सक की सलाह बच्चों को दवा न दें और पुरानी या खुली दवाइयाँ सुरक्षित तरीके से नष्ट करें।
अपर आयुक्त ने बताया कि अभियान प्रदेश के सभी जिलों में चल रहा है और दीपावली से पहले खाद्य पदार्थों पर भी सख्त निगरानी की जा रही है। एफ.डी.ए. ने जनता और मीडिया से सहयोग की अपील की है ताकि बच्चों और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।