हरिद्वार। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत हो गई है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में अधिकारियों ने स्वयं झाड़ू उठाकर अभियान का शुभारंभ किया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य मां गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखना है। इसके लिए घाटों से लेकर सार्वजनिक स्थलों तक सफाई की गई। यह अभियान वाल्मीकि चैक से हरकी पैड़ी, शंकराचार्य चैक से सिंहद्वार, ओम पुल घाट, बैरागी कैंप, रोड़ी बेलवाला मैदान, दुधाधारी फ्लाईओवर भूपतवाला, पंतद्वीप घाट, चंडी घाट, वाल्मीकि घाट और रुड़की सहित जनपद के विभिन्न इलाकों में चलाया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष स्वच्छता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सफाई के प्रति लोगों में जागरूकता ही गंगा और शहर को स्वच्छ बनाए रखने का मूल मंत्र है।