देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में परिवहन विभाग के तहत नियुक्त 08 सम्भागीय निरीक्षकों (प्राविधिक) को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी नव नियुक्त अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभ्यर्थियों के जीवन की एक नई शुरुआत है और उनसे अपेक्षा की जाती है कि वे अपने कार्यक्षेत्र में नवाचार लाकर परिवहन विभाग में सकारात्मक बदलाव लाएंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए परिवहन विभाग की जिम्मेदारी काफी अहम हो जाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में वाहनों की फिटनेस जांच, मोटर वाहन अधिनियम व नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और सड़क सुरक्षा को लेकर सम्भागीय निरीक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि राज्य में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे सड़क सुरक्षा और वाहनों की फिटनेस से जुड़े कार्यों में परिवहन विभाग की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।
इस अवसर पर सचिव परिवहन बृजेश कुमार संत, अपर सचिव परिवहन एवं प्रबंध निदेशक उत्तराखंड परिवहन निगम रीना जोशी सहित परिवहन विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।