हल्द्वानी के गौलापार स्पोर्ट्स स्टेडियम में गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 38वें राष्ट्रीय खेलों की समापन तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच निर्माण, सजावट, सुरक्षा और बैठने की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समापन समारोह को भव्य बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राज्य के लिए ऐतिहासिक अवसर है और इसे शानदार तरीके से संपन्न करना होगा। उन्होंने बताया कि इस बार सभी प्रतियोगिताएं उत्तराखंड में ही आयोजित हुईं, जिससे भविष्य में राज्य के खिलाड़ियों को लाभ मिलेगा। साथ ही, उत्तराखंड पदक तालिका में 25वें स्थान से 7वें स्थान पर पहुंचा है। सीएम ने फेंसिंग के विजेताओं को मेडल देकर सम्मानित किया और निशानेबाजी के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर खेल मंत्री रेखा आर्या, सचिव खेल अमित सिन्हा, आयुक्त दीपक रावत समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।