छात्रसंघ शुभारंभ समारोह में बोले सीएम धामी – उत्तराखंड बना प्रगति का मॉडल राज्य

श्रीनगर (गढ़वाल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय, श्रीनगर में आयोजित छात्रसंघ शुभारंभ समारोह में शिरकत की। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विश्वविद्यालयों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड यूसीसी (समान नागरिक संहिता) लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है, जो प्रदेशवासियों के लिए गर्व की बात है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि बीते साढ़े तीन वर्षों में 22 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है, और बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य ने नीति आयोग द्वारा जारी सतत विकास लक्ष्यों में देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने नकल विरोधी कानून को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा कि इससे मेहनती छात्रों को न्याय मिलेगा।

सीएम धामी ने यह भी बताया कि सरकार वर्तमान में मॉडल कॉलेज, महिला छात्रावास, आईटी लैब, परीक्षा भवन, एस्ट्रो पार्क, और साइंस सिटी जैसी प्रमुख परियोजनाओं पर कार्य कर रही है। राज्य में स्टार्टअप्स को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शिक्षा को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया और विश्वविद्यालय को विश्व स्तरीय बनाने की दिशा में काम करने का आह्वान किया।

विधायक विनोद कण्डारी ने छात्रों को उनके नवनिर्वाचित दायित्वों की शुभकामनाएं दीं और शिक्षा के साथ सामाजिक व राष्ट्रीय विकास में भी भागीदारी निभाने को प्रेरित किया।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. मनमोहन सिंह रौथाण, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी लोकेश्वर सिंह, कुलसचिव राजेश कुमार ढोड़ी, छात्रसंघ अध्यक्ष जसवंत सिंह समेत कई गणमान्य उपस्थित रहे।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *