वीर गढ़वाली की धरती से सीएम धामी ने भरी देशभक्ति की हुंकार

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को पीठसैंण में आयोजित राजकीय क्रांति दिवस मेले में भाग लेकर पेशावर कांड के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली स्मारक स्थल पर दीप प्रज्वलन कर मेला शुभारंभ करते हुए उन्होंने गढ़वाली की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में मारे गए निर्दोषों को मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि वीर गढ़वाली जैसे महानायक न केवल उत्तराखंड, बल्कि पूरे देश का गौरव हैं। उन्होंने निहत्थे नागरिकों पर गोली चलाने से इनकार कर मानवता और नैतिकता की जो मिसाल पेश की, वह इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज है। राज्य सरकार उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का हरसंभव प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड वीरभूमि भी है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीद सैनिकों के परिजनों के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। शहीदों के सम्मान में देहरादून में शौर्य स्थल का निर्माण किया गया है। शहीद जवानों के परिवार को अब ₹10 लाख की जगह ₹50 लाख अनुग्रह राशि दी जा रही है और एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जा रही है। स्वतंत्रता सेनानियों की पेंशन भी बढ़ाकर ₹25 हजार कर दी गई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पहला राज्य है जिसने समान नागरिक संहिता लागू कर ऐतिहासिक पहल की है। सख़्त भू-कानून और नकल विरोधी कानून लागू करने से राज्य में 22 हजार से अधिक पारदर्शी भर्तियां हुई हैं। चारधाम यात्रा में लगातार श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है, जिसे देखते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर किया जा रहा है।

इस मौके पर उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की जीवनी को स्कूल पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा। थलीसैंण में भव्य ऑडिटोरियम और बूंगीधार में खेल मैदान भी बनाया जाएगा। वहीं, पीठसैंण में 100 अनाथ बच्चों के लिए हॉस्टल बनकर तैयार हो गया है। कार्यक्रम में 10वीं और 12वीं के टॉपर्स, महिला स्वयं सहायता समूहों, उद्यमियों और पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। विभिन्न विभागों ने मेले में स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में राज्य मंत्री महेश्वर सिंह माहरा, डीएम डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी लोकेश्वर सिंह समेत भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *