देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को चैत्र नवरात्रि और नव संवत्सर की शुभकामनाएं देते हुए इसे शक्ति उपासना और भारतीय संस्कृति की महान परंपरा का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह पर्व नारी शक्ति के महत्व और सामर्थ्य को दर्शाता है, वहीं कन्या पूजन इसका प्रमुख उदाहरण है। सीएम धामी ने इस अवसर पर नारी सम्मान और सशक्तिकरण की अपील भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चैत्र नवरात्रि का वेदों और पुराणों में विशेष महत्व बताया गया है। इसे आत्मशुद्धि और सकारात्मक ऊर्जा के संचार का आधार माना जाता है। प्रदेश के प्रमुख देवी मंदिरों और शक्तिपीठों में धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन परंपरा का हिस्सा रहा है।
सीएम धामी ने कहा कि सनातन परंपरा में शुभ कार्यों के प्रारंभ में संकल्प लेने की परंपरा है। शक्ति उपासना का यह पर्व हमें रचनात्मकता और सृजनशीलता की प्रेरणा देने के साथ समाज व देश सेवा के लिए भी उत्साहित करता है। उन्होंने कामना की कि यह नव संवत्सर सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और मंगलमय भविष्य लेकर आए।