CM धामी का भव्य स्वागत, 110.56 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास

काशीपुर। रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भव्य स्वागत हुआ। शहर में हुए विशाल रोड शो में जनता, विभिन्न संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने उन पर पुष्पवर्षा कर उनका जोरदार अभिनंदन किया। रोड शो के बाद नगर निगम में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने 48.61 करोड़ की लागत से बनने वाले 7 विकास कार्यों का शिलान्यास और 61.95 करोड़ की लागत से पूरे हुए 12 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। कुल मिलाकर 110.56 करोड़ की योजनाओं को हरी झंडी दी गई।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने शहर के कई अहम विकास कार्यों की घोषणा की। इसमें प्रमुख रूप से अस्पताल से धनौरी तक और बिजनेस इन होटल से परमानंदपुर लिंक मार्ग तक चौड़ीकरण व स्ट्रीट लाइट लगाने का काम, नगर निगम परिसर में आधुनिक कार्यालय व शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण, 17 नए वार्डों में आधारभूत सुविधाओं का विकास, मुख्य बाजार मार्ग के चौड़ीकरण के साथ पार्किंग युक्त शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण शामिल है। इसके अलावा, काशीपुर में सर्किट हाउस, गौशाला और स्पोर्ट्स स्टेडियम के आधुनिकीकरण की भी योजना है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि काशीपुर में विकास की रफ्तार को तीन गुना करने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड समृद्धि के नए आयाम गढ़ रहा है। केदारखंड की तर्ज पर मानसखंड के मंदिरों के पुनरुद्धार का भी काम किया जा रहा है। इसी क्रम में चौती मंदिर को मानसखंड कॉरिडोर का हिस्सा बनाया गया है।

काशीपुर में अमृत योजना के तहत 37.50 करोड़ की लागत से 18 एमएलडी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का लोकार्पण किया गया। वहीं, 14.29 करोड़ की लागत से ठोस कचरा प्रबंधन परियोजना का शिलान्यास किया गया। साथ ही, 1100 करोड़ की लागत से औद्योगिक हब और 100 करोड़ की लागत से अरोमा पार्क विकसित करने की भी योजना बनाई गई है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों और युवाओं के उत्थान के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। किसानों को 3 लाख तक का बिना ब्याज ऋण, गेहूं खरीद पर बोनस, गन्ना दरों में बढ़ोतरी, मुफ्त सिंचाई सुविधा और फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत 80% तक सब्सिडी दी जा रही है। स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए लखपति दीदी योजना और सौर स्वरोजगार योजना चलाई जा रही है।

जमरानी बांध परियोजना के दोबारा शुरू होने से काशीपुर समेत पूरे तराई क्षेत्र को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने में देश में पहले स्थान पर पहुंच चुका है और बेरोजगारी दर में भी 4.4% की कमी लाने में सफल रहा है। उन्होंने कहा कि घृणित मानसिकताओं के खिलाफ कड़े कानून लागू कर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित किया जा रहा है।

इस दौरान क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट और दीपक बाली ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और 11 सूत्रीय मांगें रखीं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभार्थियों को चाबी सौंपी और 1.95 करोड़ की राशि महापौर को सौंपी। कार्यक्रम में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, जिला अध्यक्ष गुंजन सुखीजा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदोरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *