हरिद्वार जनपद में चल रहे वृहद स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से विकास भवन में स्थापित किए गए कंट्रोल रूम में आमजन की शिकायतें आनी शुरू हो गई हैं। जिलााधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में स्थापित इस कंट्रोल रूम का उद्देश्य स्वच्छता से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।
मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने बताया कि कंट्रोल रूम में पहले ही दिन कुल 17 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 7 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया है। शेष शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को भेजते हुए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान की सफलता में आमजन की सहभागिता बेहद जरूरी है, इसी को ध्यान में रखते हुए सुझाव एवं शिकायत दर्ज कराने की यह व्यवस्था की गई है। कंट्रोल रूम के माध्यम से सफाई व्यवस्था में कमियों की जानकारी मिल रही है, जिससे सुधार की प्रक्रिया को गति मिल रही है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छता से संबंधित किसी भी सुझाव, शिकायत अथवा समस्या के लिए मोबाइल नंबर 8273371714 पर संपर्क कर सकते हैं, ताकि समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।