हरिद्वार। शहर कोतवाली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। भाजपा द्वारा कांग्रेस नेताओं पर चाइनीज मांझा को लेकर दर्ज कराए गए मुकदमे के विरोध में कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। दरअसल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के पतंग उड़ाने को लेकर कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर टिप्पणी की थी, जिसके बाद भाजपा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। इस कार्रवाई से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर कोतवाली पहुंचकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर लोकतंत्र की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि अगर मुकदमा वापस नहीं लिया गया तो विरोध प्रदर्शन और तेज किया जाएगा। कांग्रेस का कहना है कि उन्होंने सिर्फ सोशल मीडिया पर मदन कौशिक के पतंग उड़ाने पर प्रतिक्रिया दी थी, लेकिन भाजपा ने इसे मुद्दा बनाकर मुकदमा दर्ज कराया। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई होगी।