देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को श्री दिगम्बर जैन पंचायती मंदिर में आयोजित जैन समाज सम्मेलन में शामिल हुए और जैन धर्म गुरुओं का आशीर्वाद लिया। उन्होंने आचार्य सौरभ सागर मुनि जी महाराज को संयम, त्याग और अहिंसा का अद्वितीय प्रतीक बताया।
सीएम धामी ने कहा कि जैन धर्म ने दुनिया को अहिंसा का संदेश दिया है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जिसने समान नागरिक संहिता लागू की है। नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद 25 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि की डेमोग्राफी संरक्षित रखना सरकार की प्राथमिकता है, इसी उद्देश्य से धर्मांतरण विरोधी और दंगा विरोधी कानून लागू किए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 9 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया गया है।
उन्होंने कहा कि जैन कल्याण बोर्ड गठन पर सरकार गंभीरता से विचार कर रही है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि जैन समाज आगे भी राज्य के विकास में सहयोग देगा।
कार्यक्रम में रविंद्र मुनि जी महाराज, श्री राजेश मुनि जी महाराज, विधायक विनोद चमोली, खजानदास और पद्मश्री डॉ. आर.के. जैन सहित कई गणमान्य मौजूद रहे।