पैदल ओवरब्रिज का निर्माण सड़क दुर्घटना में रोक लगाने में होगी कारगर सिद्ध : चेतन चौबे

हरिद्वार। सप्तऋषि चुंगी, हरिद्वार स्थित नेशनल हाईवे पर आज एक बार फिर गंभीर सड़क दुर्घटना घटित हुई, जिसने इस स्थान पर पैदल यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था की कमी को स्पष्ट रूप से उजागर कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आज एक बुजुर्ग दंपति पैदल हाईवे पार कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक कार ने अचानक ब्रेक लगाए, जिसे पीछे से आ रही दूसरी कार ने टक्कर मार दी। इसके बाद पीछे से आ रहे एक डंपर वाहन ने टक्कर से बचने के प्रयास में वाहन को किनारे मोड़ा, जिससे वहाँ स्थित पुराना पुलिस चेक पोस्ट क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति को गंभीर चोटें आईं, जिसे तत्काल एम्बुलेंस द्वारा अस्पताल भिजवाया गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस स्थान पर पहले भी कई दुर्घटनाएँ हो चुकी हैं, जिनका मुख्य कारण पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित मार्ग का अभाव है। इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए आज से स्वास्तिक संकल्प ट्रस्ट के तत्वावधान में उक्त स्थान पर पैदल ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की गई है जिसमें ट्रस्ट के अध्यक्ष चेतन चौबे, उपदेश बाली दीपक बिष्ट सुरभि गुप्ता, हरिपुर क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि मोहित शर्मा आदि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष चेतन चौबे ने कहा कि हरिद्वार एक धार्मिक एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नगरी है, जहाँ रोज़ाना बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, श्रद्धालु एवं पर्यटक इस मार्ग से आवागमन करते हैं। ऐसे में सप्तऋषि चुंगी जैसे संवेदनशील स्थान पर पैदल ओवरब्रिज का निर्माण अब केवल आवश्यकता नहीं, बल्कि जनसुरक्षा की अनिवार्यता बन चुका है। उन्होंने कहा कि पैदल ओवरब्रिज का निर्माण सड़क दुर्घटना में रोक लगाने में कारगर सिद्ध होगी।

ट्रस्ट के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से कहा कि हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से एकत्र किए गए जनसमर्थन के आधार पर शीघ्र ही जिलाधिकारी महोदय एवं संबंधित प्रशासनिक विभागों को औपचारिक ज्ञापन सौंपा जाएगा। साथ ही शासन-प्रशासन से इस विषय पर तत्काल संज्ञान लेते हुए शीघ्र कार्रवाई की अपील की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *