मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ, क्लीन एवं मॉडल जनपद बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा विगत दिवस संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्वयं धरातल पर उतरकर सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए थे। निर्देशों के अनुपालन में आज जनपद के सभी विकास खंडों और तहसीलों में अधिकारी फील्ड में उतरकर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे हैं। हरिद्वार तहसील में उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने हाईवे से लगे गांवों में ग्राम प्रधानों के साथ बैठक कर सफाई प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जबकि भगवानपुर तहसील में उप जिलाधिकारी देवेंद्र नेगी ने छुटमलपुर बॉर्डर का निरीक्षण कर जनपद के प्रवेश द्वार को स्वच्छ रखने, अतिक्रमण रोकने और सड़क किनारे हुए अतिक्रमण हटाने के निर्देश प्रदान किए। रुड़की में बीडीओ द्वारा ढंडेरा नगर पंचायत में नालियों व सड़कों की सफाई जांची गई तथा मुख्य नगर आयुक्त राकेश चंद तिवारी ने शेरपुर, मलकपुर चुंगी, महाराणा प्रताप चौक और रोडवेज बस अड्डा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर कर्मचारियों को नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। मंगलौर नगर पालिका में राष्ट्रीय राजमार्ग पर विशेष सफाई अभियान चलाते हुए सड़क पर कूड़ा फेंकने वालों को चेतावनी दी गई तथा रेहड़ी-ठेली वालों को डस्टबिन वितरित किए गए। कुंभ मेला क्षेत्र स्थित बैरागी कैंप में शांतिकुंज के सहयोग से झाड़ियों की कटाई की गई और कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर आपदा प्रबंधन टीम द्वारा भी सफाई कार्य संपन्न कराया गया। खानपुर यूपी बॉर्डर पर भी राष्ट्रीय राजमार्ग पर विशेष अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी के नेतृत्व में धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ एवं क्लीन बनाने हेतु जनपद में यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।