हरिद्वार । महाशिवरात्रि का पर्व नजदीक आने के साथ ही शारदीय कांवड़ यात्रा में श्रद्धालु भक्तों की भीड़ बढ़ने लगी है। प्रतिदिन हजारों की संख्या में कांवड़िए हरकी पैड़ी से कांवड़ों में गंगाजल भरकर अपने गंतव्यों को लौट रहे हैं। महाशिवरात्रि तक लाखों शिवभक्त गंगाजल लेने हरिद्वार पहुंचेंगे। कांवड़ मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से मेला क्षेत्र को जोन और सेक्टरों में विभाजित कर सुरक्षा और यातायात के इंतजाम किए गए हैं। धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ मेले की धूम है। हरकी पैड़ी सहित तमाम घाटों और बाजारों में हर तरफ बोल बम के जयकारे गूंज रहे हैं। शारदीय कांवड़ यात्रा में पैदल कांवड़िए ज्यादा संख्या में पहुंचते हैं। जिनमें उत्तर प्रदेश के बिजनौर, मुरादाबाद, अमरोहा आदि जनपदों के श्रद्धालुओं की संख्या सर्वाधिक होती है। इसके अलावा सहारनपुर, मुजफ्््फरनगर, मेरठ आदि जनपदों से और उत्तराखंड के कुमाऊं से भी श्रद्धालु हरिद्वार आते हैं और कई दिनों तक पैदल यात्रा करते हुए महाशिवरात्रि पर अपने अभिष्ट शिवालियों में पहुंचकर महादेव शिव का जलाभिषेक करते हैं।