हरिद्वार में दिल्ली के शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। कोतवाली नगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दिल्ली के शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। घने कोहरे का फायदा उठाकर मोबाइल दुकानों के शटर उखाड़कर चोरी करने वाले दो आरोपियों को घटना में प्रयुक्त ईको कार और चोरी के सामान सहित गिरफ्तार किया गया है।

14 जनवरी 2026 को ऋषिकुल क्षेत्र में दो मोबाइल दुकानों में शटर तोड़कर चोरी की घटना सामने आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की जांच कर संदिग्ध ईको कार को चिन्हित किया और दिल्ली तक उसका पीछा किया।

लगातार चेकिंग के दौरान औद्योगिक क्षेत्र बाईपास से दो आरोपियों को दबोच लिया गया, जो दोबारा वारदात की फिराक में हरिद्वार आ रहे थे। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, बैटरी, मदर बोर्ड सहित अन्य चोरी का सामान बरामद हुआ है।

पुलिस के अनुसार पकड़े गए दोनों आरोपी पूर्व में भी चोरी के कई मामलों में जेल जा चुके हैं। फरार वांछित अभियुक्त की तलाश जारी है। पुलिस टीम की सतर्कता और मेहनत से इस शातिर गिरोह का भंडाफोड़ संभव हो सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *