ड्रोन से हो चाइनीज मांझे की निगरानी, इस्तेमाल करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की मांग

हरिद्वार। चाइनीज मांझे से लगातार बढ़ रही दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने जिला अधिकारी को पत्र भेजकर सख्त कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने चाइनीज मांझे की रोकथाम के लिए ड्रोन के माध्यम से निगरानी कराने के साथ-साथ इसे बेचने वालों से अधिक सख्ती इसके इस्तेमाल करने वालों पर किए जाने की आवश्यकता जताई है।

पत्र में सुनील सेठी ने कहा कि बसंत पंचमी तक जिला स्तर पर एक बड़े अभियान की जरूरत है, जिसमें पुलिस के साथ नगर निगम, परिवहन विभाग और बॉर्डर क्षेत्रों में तैनात अन्य संबंधित विभागों को भी शामिल किया जाए। उनका कहना है कि केवल पुलिस की कार्रवाई से इस जानलेवा मांझे पर रोक लगाना संभव नहीं है, इसके लिए सभी विभागों को मिलकर प्रभावी रणनीति के तहत काम करना होगा।

उन्होंने बताया कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझा न केवल बेचने और भंडारण करने वालों के लिए बल्कि इसे उड़ाने और इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ भी सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। हर वर्ष चाइनीज मांझे से होने वाली घटनाएं आम राहगीरों और विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रही हैं, जिससे लोग घर से निकलने में भी डरने लगे हैं।

सुनील सेठी ने भरोसा जताया कि यदि जिला स्तर पर सभी विभाग मिलकर व्यापक कार्रवाई करें तो निश्चित रूप से चाइनीज मांझे के उपयोग पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। इस मांग पत्र को सौंपने वालों में प्रमुख रूप से सुनील मनोचा, मुकेश अग्रवाल, युवराज बिष्ट, लालजी यादव, हरिमोहन भारद्वाज, प्रीत कमल, सोनू चौधरी, रमन सिंह, राकेश सिंह और पवन पांडे शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *