देहरादून। विधानसभा के पांच दिवसीय बजट सत्र के तीसरे दिन सदन से लेकर सड़कों तक घमासान देखने को मिला। एक ओर सदन के भीतर विपक्ष सरकार को सवालों के कटघरे में खड़ा करता नजर आया, वहीं बाहर कई राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।
प्रश्नकाल के दौरान कई मुद्दों पर सदन में तीखी बहस और हो-हल्ला हुआ। इससे पहले भी नियम 58 के तहत चर्चा के दौरान सदन में जमकर हंगामा हुआ था। वहीं कांग्रेस ने नियम 310 के तहत भूमिधरी का मुद्दा उठाया। हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर विधायक सुमित विधानसभा परिसर में धरने पर बैठ गए।
सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विधायकों ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या से उनके विभागों से जुड़े सवाल पूछे। उनके पास महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले तथा खेल एवं युवा कल्याण जैसे अहम विभाग हैं।
प्रश्नकाल में कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने चमोली के दशोली क्षेत्र स्थित सेमलडाला मैदान, पीपलकोटी के विस्तारीकरण को लेकर सवाल किया, जिस पर मंत्री ने बताया कि फिलहाल कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। भाजपा विधायक सुरेश गड़िया ने नेशनल गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को नौकरी देने के मुद्दे पर सवाल उठाया। वहीं डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने मातृ वंदना योजना में लक्ष्य से कम पंजीकरण पर प्रश्न किया।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने जवाब देते हुए कहा कि राष्ट्रीय हेल्थ सर्वे और योजना के निर्धारित मानकों के कारण व्यावहारिक दिक्कतें सामने आ रही हैं। विधायक महेश जीना ने एपीएल-बीपीएल राशन कार्ड के मानकों को लेकर सवाल उठाया।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग से जुड़े सवालों के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी हस्तक्षेप करते हुए कहा कि बजट में प्रत्येक ब्लॉक में मिनी स्टेडियम बनाने का प्रावधान किया गया है।
इस दौरान कांग्रेस विधायकों ने राशन कार्ड नहीं बनने से आयुष्मान कार्ड बनवाने में आ रही दिक्कतों का मुद्दा उठाया। इस पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड का आपस में कोई संबंध नहीं है। वहीं विधायक काजी ने कहा कि परिवारों के बंटवारे के समय यह समस्या सामने आती है और यह पूरे प्रदेश की नीतिगत समस्या है।