सदन के बाहर एलपीजी गैस की किल्लत को लेकर प्रदर्शन

देहरादून। विधानसभा के बजट सत्र के पांचवें दिन शुक्रवार को सदन में बजट पर चर्चा के साथ कई विभागों के बजट पारित होने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके साथ ही आज विनियोग विधेयक भी पारित किए जाने की संभावना है और सत्र के अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के भी आसार जताए जा रहे हैं।
सत्र शुरू होते ही विपक्ष ने सदन में अवैध खनन का मुद्दा उठाया, लेकिन सरकार के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने सदन से वॉकआउट कर दिया। विपक्ष का कहना था कि जब पीठ की ओर से नियम 310 के तहत चर्चा की अनुमति दी गई है तो सरकार चर्चा से क्यों बच रही है।
विपक्ष ने प्रदेश में एलपीजी गैस की किल्लत का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि प्रदेशभर में गैस सिलेंडर के लिए लंबी-लंबी लाइनें लग रही हैं और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों को भी समय पर एलपीजी सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं।
सदन में पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस के चलते कार्यवाही करीब 45 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी। इस पर संसदीय कार्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि सरकार ने सभी जिलाधिकारियों को एलपीजी की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
उधर, भराड़ीसैंण में बजट सत्र के पांचवें दिन भी एलपीजी गैस की किल्लत को लेकर कांग्रेस का धरना जारी रहा। कांग्रेसी नेता जहां सदन के अंदर मुद्दा उठा रहे हैं, वहीं कांग्रेस कार्यकर्ता विधानसभा के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। रसोई गैस की कमी के विरोध में कांग्रेसी कार्यकर्ता विधानसभा की सीढ़ियों पर बैठकर धरना दे रहे हैं।
गौरतलब है कि विधानसभा सत्र के चौथे दिन बृहस्पतिवार को भी सदन में एलपीजी आपूर्ति के मुद्दे को लेकर जमकर हंगामा हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *