धामी सरकार के विकास कार्य राष्ट्रीय स्तर पर सराहनीय : सांसद नरेश बंसल

हरिद्वार। राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने शुक्रवार को प्रेस क्लब सभागार में पत्रकारों से वार्ता कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में हो रहे समग्र विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से उत्तराखंड आज धार्मिक पर्यटन, आधुनिक बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

सांसद ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। केदारनाथ और बद्रीनाथ मास्टर प्लान के तहत तीर्थस्थलों का कायाकल्प किया जा रहा है, जबकि चारधाम यात्रा मार्ग को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया जा रहा है। केदारनाथ व हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाएं विश्वस्तरीय पर्यटन ढांचा तैयार करेंगी।

उन्होंने कहा कि ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल लाइन उत्तराखंड की लाइफलाइन साबित होगी। यह परियोजना पर्वतीय क्षेत्रों में आवाजाही, आपदा राहत, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नया आयाम देगी। सौंग और जमरानी बांध परियोजनाएं राज्य के पेयजल एवं सिंचाई संकट का दीर्घकालिक समाधान बनेंगी।

**किसान, जल, सड़क और स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा सुधार**
सांसद बंसल ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत हजारों गांवों में नल से जल पहुंच चुका है, जिससे महिलाओं के श्रम में कमी आई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और फसल बीमा योजना ने किसानों को आर्थिक सुरक्षा दी है।
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना और आवास योजना ने दुर्गम क्षेत्रों में सड़क संपर्क और आवास उपलब्धता को मजबूत किया है।
आयुष्मान भारत योजना के तहत लाखों परिवारों को निशुल्क इलाज की सुविधा मिली है, जिससे इलाज के अभाव में गरीबी में जाने वाले परिवारों की संख्या घटी है।

**खनन क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियाँ**
बंसल ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से खनन क्षेत्र में ऐतिहासिक सुधार हुए हैं। उत्तराखंड को रिकॉर्ड 200 करोड़ रुपये का प्रोत्साहन मिला है। ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के चलते अवैध खनन पर निर्णायक नियंत्रण स्थापित किया गया है और तकनीकी सुधारों से राजस्व में अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई है।

**उत्तराखंड को मिले कई राष्ट्रीय पुरस्कार**
सांसद ने बताया कि नीति आयोग की SDG इंडिया इंडेक्स 2023–24 रिपोर्ट में उत्तराखंड ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया है।
मत्स्य पालन में राज्य को हिमालयी और पूर्वोत्तर राज्यों में ‘सर्वश्रेष्ठ राज्य’ का पुरस्कार मिला है।
चार गांवों को ‘सर्वश्रेष्ठ पर्यटन ग्राम’ पुरस्कार और राज्य को ‘बेस्ट एडवेंचर टूरिज्म डेस्टिनेशन’ सम्मान प्राप्त हुआ है।
फिल्म नीति के कारण उत्तराखंड को ‘मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट’ पुरस्कार मिला है।

उन्होंने कहा कि कठोर नकल निरोधक कानून लागू कर 200 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया और 24 हजार युवाओं को नियुक्तियाँ दी गईं। राज्य में पहला समान नागरिक संहिता कानून लागू कर नई मिसाल कायम की गई है। धर्मांतरण और दंगारोधी कानूनों ने सामाजिक सुरक्षा को मजबूत किया है। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई प्रभावशाली अधिकारियों पर कानूनी शिकंजा कसा गया है।

सांसद ने कहा कि मातृशक्ति और राज्य आंदोलनकारियों को आरक्षण देकर सम्मानित किया गया है। डबल इंजन सरकार की ये उपलब्धियां विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध उत्तराखंड की दिशा में निरंतर प्रयासों को दर्शाती हैं।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *