हरिद्वार। पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री) सुनील सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हर फैसला युवाओं के हितों को सर्वोपरि रखकर ले रही है। उन्होंने कहा कि यूकेएसएससी की हाल ही में निरस्त हुई परीक्षा को अब पुनः 16 नवंबर को आयोजित किया जाएगा, जिससे युवाओं की मेहनत और लगन को उचित सम्मान मिलेगा।
राज्य मंत्री सैनी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की मेहनत के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। प्रदेश सरकार ने नकल विरोधी कानून लागू कर परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की दिशा में सशक्त कदम उठाया है।
सैनी ने कहा कि धामी सरकार युवाओं की सरकार है, और 25 हजार युवाओं को रोजगार देकर यह साबित किया है कि सरकार प्रदेश के युवाओं के भविष्य को संवारने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि बेरोजगार युवाओं के हित में धामी सरकार ने कई बड़े फैसले लिए हैं, जिनमें नकल विरोधी कानून लागू करना एक ऐतिहासिक कदम है।