धामी ने अग्रवाल आश्रम ट्रस्ट के स्वर्ण जयंती समारोह में किया नव निर्मित भवन का लोकार्पण

हरिद्वार। महाराजा अग्रसेन अग्रवाल आश्रम ट्रस्ट के 50वें स्थापना दिवस के भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया और नव निर्मित भवन का फीता काटकर लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने ट्रस्ट के 50 वर्षों की प्रेरणादायक यात्रा पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महाराजा अग्रसेन की समाज सेवा, समानता और एकता के मूल्यों पर आधारित यह ट्रस्ट बीते पाँच दशकों से सतत समाज कल्याण में समर्पित है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार में सत्संग भवन और घाट का निर्माण आध्यात्मिक साधना के साथ सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करेगा। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट वृंदावन में भी एक अत्याधुनिक भवन और सत्संग हॉल का संचालन कर रहा है और अयोध्या में भी एक आधुनिक आश्रम का निर्माण प्रगति पर है। उन्होंने ट्रस्ट से जुड़े सभी पदाधिकारियों, सहयोगियों और दानदाताओं को साधुवाद दिया।

मुख्यमंत्री ने महाराजा अग्रसेन के “एक ईंट, एक रुपया” के मंत्र को सामाजिक समरसता और साझा जिम्मेदारी का प्रतीक बताते हुए कहा कि अग्रवाल समाज ने हमेशा आपदाओं और संकट की घड़ी में सेवा कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाई है — फिर चाहे वो केदारनाथ आपदा हो, कोविड महामारी या अन्य कोई चुनौती। उन्होंने कहा कि भारत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कोविड पर नियंत्रण पाने में दुनिया को राह दिखाई।

मुख्यमंत्री धामी ने राज्य की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जिसने समान नागरिक संहिता लागू की है और सबसे प्रभावी नकल विरोधी कानून भी यहां लागू हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में राज्य में 22 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरी मिली है। साथ ही प्रदेश सतत विकास लक्ष्य (SDG) में देश में पहले स्थान पर आया है।

हरिद्वार–ऋषिकेश कॉरिडोर के विकास, युवाओं को रोजगार, लैंड जिहाद व लव जिहाद के खिलाफ कठोर कदम, और सामाजिक समरसता को बनाए रखने के संकल्प की बात करते हुए उन्होंने कहा कि “मेरे जीते जी उत्तराखंड की एकता और अखंडता पर आंच नहीं आने दूंगा।”

इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, भगत सिंह कोश्यारी, सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, विधायक मदन कौशिक, आदेश चौहान, महापौर किरण जैसल, जिलाधिकारी, वरिष्ठ अधिकारीगण और सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु व समाजसेवी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर उत्तराखंड को देश का ‘सर्वश्रेष्ठ राज्य’ बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *