हरिद्वार। ब्लॉक नारसन के तीन गांवों कुरड़ी, झबीरन जट और नगला एमाद में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर समाज कल्याण बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 103 शिकायतें प्राप्त हुईं – कुरड़ी 40, झबीरन जट 34 और नगला एमाद 29।
शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की जानकारी पहुंचाना था। कई समस्याओं का समाधान मौके पर किया गया, जबकि कुछ जिला स्तर की शिकायतें जिलाधिकारी को भेजी जाएंगी। कुरड़ी गांव में राजस्व टीम की मदद से लंबित पैमाइश प्रकरण हल किए गए।
उपाध्यक्ष देशराज कर्णवाल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। शिविर में सभी विभागीय अधिकारी, ग्राम प्रधान, पंचायत सदस्य और सैकड़ों नागरिक मौजूद रहे।