बाल दिवस के अवसर पर एक समाज श्रेष्ठ समाज संस्था द्वारा दिव्य कार्य अभियान के अंतर्गत हल्द्वानी के राजपुरा क्षेत्र में बच्चों को पठन–पाठन सामग्री वितरित की गई। संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू तथा सदस्य एकता कुमारी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक व प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के दौरान संस्था अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू एवं सदस्य मनीष साहू ने संयुक्त रूप से कहा कि बच्चे न केवल आने वाली पीढ़ी हैं, बल्कि भारत देश का उज्ज्वल भविष्य भी हैं। इसलिए यह हम सभी का परम कर्तव्य है कि हम बच्चों को सही शिक्षा, संस्कार और मार्गदर्शन देकर उनकी उन्नति के लिए कार्य करें। उन्होंने कहा कि बच्चे का भविष्य उसके आज पर निर्भर करता है, इसलिए वर्तमान में दी गई अच्छी आदतें, संस्कार और बौद्धिक क्षमता ही आगे चलकर उसके जीवन का निर्माण करती हैं। जब बच्चों को उचित ज्ञान मिलेगा, उनकी छिपी प्रतिभा निखरकर सामने आएगी और वही बच्चे देश की प्रगति को नई दिशा देंगे।
संस्था ने सभी से अपील की कि बच्चों को पढ़ने–लिखने के लिए निरंतर प्रेरित करें, ताकि वे आत्मनिर्भर होकर देश के विकास में अपना योगदान दे सकें।
कार्यक्रम में पठन–पाठन सामग्री वितरण के दौरान संस्था अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू, कोषाध्यक्ष बलराम हालदार, एकता कुमारी, मनीष साहू, पूर्णिमा रजवार, संध्या कुमारी, जानकी देवी, अमन कुमार, सुशील राय, सूरज कुम्हार, मुकेश कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।