हरिद्वार। कलक्ट्रेट रोशनाबाद के सभागार में जिलाधिकारी कमेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में आगामी 2 अक्टूबर 2024 को स्वच्छता भारत दिवस 2024 की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने स्वच्छता पखवाड़ा की योजना के बारे में जानकारी दी, जो 2 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान स्थानीय निकायों को मलिन बस्तियों की सफाई सुनिश्चित करने और सभी गतिविधियों को सरकारी पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए। स्वच्छता पखवाड़ा के अन्र्तगत 10 सितंबर को सीटीयू का चिन्हीकरण होगा और 17 सितंबर को स्वच्छारंभ दिवस मनाया जाएगा। इसके अलावा, 21 सितंबर को अंतर्राष्ट्रीय शांति दिवस, 25 सितंबर को फार्मासिस्ट डे, 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस, 1 अक्टूबर को एक घंटे का स्वच्छता कार्यक्रम और 2 अक्टूबर को स्वच्छता दिवस एवं गांधी जयंती मनाई जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी विभागों से मिलकर कार्य करने और रिकॉर्ड रखने की अपील की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस वर्ष जनपद को अव्वल लाने के प्रयास किए जाएं। उन्होंने स्वच्छता पखवाड़े के दौरान स्वास्थ्य कैम्प, स्कूल प्रतियोगिताएं, और आंगनवाड़ी केंद्रों पर जागरूकता अभियान चलाने की भी सलाह दी।